
बिलासपुर/सारंगढ़। थाना डोंगरीपाली में एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण की विवेचना में वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों का पालन नहीं करना थाना प्रभारी और विवेचक को भारी पड़ गया। मामले की समीक्षा के बाद बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने थाना प्रभारी और विवेचक पर 500-500 रुपये का अर्थदंड लगाया है। वहीं, पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सारंगढ़ के प्रति अप्रसन्नता व्यक्त की गई है।

जानकारी के अनुसार थाना डोंगरीपाली जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 20-बी एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण की केस डायरी की रेंज कार्यालय स्तर पर समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि रेंज कार्यालय द्वारा जारी परिपत्र क्रमांक 09/2026 में निर्धारित फार्मेट के अनुसार प्रकरण में कथन लेखबद्ध नहीं किए गए थे।
इस संबंध में विवेचक एवं थाना प्रभारी से 18 जुलाई 2026 तक स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी रेंज कार्यालय को जवाब प्राप्त नहीं हुआ। आदेश में इसे वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवज्ञा, गंभीर लापरवाही एवं कदाचरण की श्रेणी में माना गया।आदेश के अनुसार डोंगरीपाली थाना प्रभारी सउनि भगवती कुरै पर परिपत्र क्रमांक 09/2026 के निर्धारित फार्मेट के अनुसार कथन लेखबद्ध नहीं कराने तथा विवेचक की त्रुटि पर ध्यान नहीं देने के लिए 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
इसी प्रकार प्रकरण के विवेचक सउनि छोटेलाल सिदार पर परिपत्र के निर्धारित फार्मेट के अनुसार कथन लेखबद्ध नहीं करने और वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
पर्यवेक्षण में लापरवाही पर डीएसपी को अप्रसन्नता
मामले में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सारंगढ़ संतोषी ग्रेस की भूमिका पर भी रेंज आईजी ने नाराजगी जताई है। आदेश में कहा गया है कि थाना स्तर पर परिपत्र क्रमांक 09/2026 के पालन को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जो गंभीर पर्यवेक्षकीय त्रुटि को दर्शाता है। इसके चलते पुलिस महानिरीक्षक ने उनके प्रति अप्रसन्नता” व्यक्त की है।
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने दण्ड आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा संबंधित अधिकारियों की सेवा पुस्तिका में आवश्यक प्रविष्टि करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ तथा पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।




















