सूरजपुर/दतिमा: अंबिकापुर-बनारस हाइवे मार्ग पर बुधवार की दोपहर सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगापुर में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में भाजपा लटोरी मंडल उपाध्यक्ष 45 वर्षीय नरेश चौधरी पिता मनबोध चौधरी की मौके पर ही मौत (BJP leader Death in Road accident) हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरु कर दी है। सडक़ दुर्घटना में भाजपा नेता की मौत से परिजनों में जहां मातम पसरा हुआ है, वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं में भी शोक की लहर है।

सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसी निवासी नरेश चौधरी बुधवार को किसी काम से लटोरी आए थे। वे दोपहर करीब 3 बजे बाइक पर सवार होकर अपने घर तुलसी लौट रहे थे। वे अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे (Ambikapur-Banaras State Highway) पर ग्राम गंगापुर स्थित ज्वाला घर के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी ।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश सडक़ पर जा गिरे। इस दौरान ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। बुरी तरह से कुचल जाने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई शुरू करते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है।

परिजनों में पसरा मातम

भाजपा नेता की मौत से उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है। इधर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नरेश चौधरी की असमय मौत की खबर मिलते ही ग्राम पंचायत तुलसी सहित लटोरी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, परिचितों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!