सोने-चांदी : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी, दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। रुपये की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों ने कीमती धातुओं के भाव पर दबाव बनाया। सोना 1,400 रुपये टूटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत में 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई।

सोने और चांदी के भाव में कितनी गिरावट आई?

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव पिछले कारोबारी सत्र में 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो सोमवार को घटकर 1,53,000 रुपये रह गया। इसी तरह चांदी की कीमत 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 2,26,500 रुपये पर पहुंच गई। इन कीमतों में लागू कर शामिल हैं।

मजबूत रुपये ने बढ़ाया दबाव

HDFC सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में कमजोरी और रुपये में आई तेजी ने घरेलू स्तर पर सोने की कीमतों को नीचे खींचा। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से मुद्रा को सहारा देने के लिए उठाए गए कदमों के बाद सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 पैसे मजबूत होकर 95.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। छह महीने से अधिक अवधि में रुपये की यह एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त रही।

वैश्विक बाजार में भी सोना कमजोर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने का भाव 17.36 डॉलर यानी 0.41 प्रतिशत घटकर 4,176.88 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी में भी मामूली कमजोरी देखी गई और इसका भाव करीब 60.66 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता रहा।विश्लेषकों के अनुसार, हालिया तेजी के बाद घरेलू बाजार में भौतिक सोने की खरीदारी की रफ्तार धीमी पड़ी है। वहीं, चीन में छुट्टियों के कारण कारोबार प्रभावित रहने के बाद वहां मांग में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

डॉलर की मजबूती से सीमित हो सकती है तेजी

ब्रोकरेज मंच लेमॉन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद सोने का अंतरराष्ट्रीय भाव गिरकर करीब 4,179 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया। अमेरिकी डॉलर सूचकांक 18 महीने के उच्च स्तर के करीब बना हुआ है। डॉलर की मजबूती से सोने और अन्य कीमती धातुओं में आगे तेजी आने की संभावनाएं सीमित हो सकती हैं।गर्ग के मुताबिक, रूस से ऊर्जा आपूर्ति बढ़ने की उम्मीदों ने कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव डाला है। इससे तत्काल आपूर्ति संकट की आशंकाएं कुछ कम हुई हैं। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समुद्री परिवहन मार्गों से जुड़े जोखिमों के कारण तेल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।

आज 24 और 22 कैरेट सोने के क्या हैं भाव?

उपलब्ध दरों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,49,800 से 1,50,980 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बताई गई है। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,37,300 से 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में है।दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,49,810 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1,37,330 रुपये प्रति 10 ग्राम बताया गया है। मुंबई में 24 कैरेट सोने की दर करीब 1,55,317 रुपये, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1,42,985 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।ध्यान दें कि शहरों के अनुसार सोने की दरों में अंतर हो सकता है। ऊपर दिए गए खुदरा भावों में 3 प्रतिशत जीएसटी और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं हैं। खरीदारी से पहले स्थानीय ज्वैलर से ताजा कीमत की पुष्टि करना उचित रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!