ग्वालियर : नवविवाहित महिला पर उसके पति द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के इंस्टाग्राम पर किसी से बातचीत करने को लेकर पति के मन में शक पैदा हो गया था। इसी संदेह के चलते उसने कथित तौर पर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मायके में रह रही थी महिला

घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के बावन पाएगा इलाके की बताई जा रही है। यहां निशा अहिरवार अपने मायके में रह रही थी। कुछ समय पहले उसका पति विकास पाल से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मायके चली आई थी।

रविवार रात विकास कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले निशा के बाल काटे और इसके बाद चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला के चेहरे, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।

सोशल मीडिया चैटिंग को लेकर था शक

पुलिस की शुरुआती जांच में हमले की वजह पति का संदेह सामने आया है। बताया जा रहा है कि विकास को शक था कि निशा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है और वह इंस्टाग्राम पर उससे बातचीत करती है।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह

निशा और विकास ने करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। बताया गया है कि दोनों के परिवार इस शादी के पक्ष में नहीं थे। विकास गोल पहाड़िया क्षेत्र का रहने वाला है और मजदूरी करने के साथ ठेला लगाकर अपना जीवनयापन करता है।

शादी के कुछ ही महीनों बाद दंपती के बीच विवाद और फिर हिंसक घटना सामने आने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

बहनों के सामने हुआ हमला, अस्पताल में इलाज जारी

वारदात के समय घर में निशा के साथ उसकी बहनें भी मौजूद थीं। उसकी मां क्रांति बाजार गई हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल निशा को उपचार के लिए ज्यारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

फिलहाल निशा की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने विकास पाल को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!