
भोपाल : नगर निगम परिसर में सोमवार 7 सितंबर को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक व्यक्ति ने महापौर मालती राय की सरकारी गाड़ी में आग लगाने की कथित कोशिश की। घटना दोपहर करीब 3 बजे तुलसी नगर स्थित नगर निगम परिसर की बताई जा रही है। हालांकि कार में आग ज्यादा फैलने से पहले ही स्थिति को काबू में कर लिया गया।
नारेबाजी करते हुए निगम परिसर पहुंचा था कर्मचारी
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान सुनील रैकवार के रूप में हुई है, जो नगर निगम में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी है। वह अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने के लिए निगम मुख्यालय पहुंचा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके हाथ में कुछ कागज थे। वह नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें पूरी करने की बात कह रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जलते हुए कागज महापौर की कार की ओर फेंक दिए।
आग बुझाने की कोशिश में कर्मचारी का हाथ झुलसा
जलते हुए कागज कार पर गिरने के बाद वहां मौजूद निगम कर्मचारियों ने उन्हें हटाने की कोशिश की। इसी दौरान एक कर्मचारी का हाथ झुलस गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे वाहन को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया।घटना के समय महापौर मालती राय निगम कार्यालय में मौजूद थीं।
बीमारी के बाद अस्पताल से पहुंचने की बात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विरोध करने वाला व्यक्ति पिछले कुछ समय से बीमार था और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा था। बताया गया कि वह अस्पताल से सीधे अपनी मांगों को लेकर निगम मुख्यालय पहुंचा था।उसके विरोध की वजह उसकी लंबित मांगों को बताया जा रहा है, हालांकि इन मांगों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कार्रवाई को लेकर स्थिति साफ नहीं
घटना के बाद नगर निगम परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई। आरोपी के खिलाफ पुलिस की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आग लगाने की कथित कोशिश के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।




















