
मध्य प्रदेश : सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बंडा तहसील में सामने आए इस मामले में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दो दर्जन से अधिक लोग अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। लगातार बढ़ते मौत के आंकड़े के बीच सोमवार को कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए।जांच की जिम्मेदारी एसडीएम को दी गई है। वह पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगे।
इलाज के दौरान दो और मरीजों ने तोड़ा दम
जहरीली शराब के सेवन का मामला रविवार को सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। शुरुआती तौर पर इस घटना में 10 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। सोमवार को उपचार के दौरान दो और मरीजों की मौत हो गई।इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। वहीं करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
सरकार ने तेज की कार्रवाई, डिप्टी सीएम ने किया अस्पताल का दौरा
घटना के बाद सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है और शराब लोगों तक किस माध्यम से पहुंची, इसका पता लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देर रात हुई हाई लेवल बैठक
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने घटना को लेकर देर रात अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि जांच का मुख्य उद्देश्य उस स्रोत तक पहुंचना है, जहां से मिलावटी शराब तैयार होकर लोगों तक पहुंची। सरकार ने आबकारी विभाग के कई अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की है और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की मदद
सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। डिप्टी सीएम ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।अब मजिस्ट्रियल जांच के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश होगी कि जहरीली शराब कहां तैयार हुई, इसकी सप्लाई कैसे हुई और इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका रही।




















