Arshdeep-Samreen Matching Tattoos: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अर्शदीप और पंजाबी अभिनेत्री समरीन कौर के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से अटकलें चल रही थीं। अब दोनों से जुड़ी नई तस्वीरों ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। सामने आई तस्वीरों में दोनों ने एक-दूसरे के नाम के अक्षरों वाले मैचिंग टैटू बनवाए हैं।

एक-दूसरे की हैंडराइटिंग में बनवाए नाम के अक्षर

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने अपने रिश्ते को यादगार बनाने के लिए बेहद खास तरीका चुना। दोनों ने अपनी बांह पर एक-दूसरे के नाम के शुरुआती अक्षरों का टैटू बनवाया।

तस्वीरों के मुताबिक अर्शदीप ने अपनी ऊपरी बांह पर SK का टैटू बनवाया है। इसकी खासियत यह है कि इसे समरीन की हैंडराइटिंग के आधार पर डिजाइन किया गया है। वहीं समरीन ने अपनी बांह पर AS लिखवाया है, जिसे अर्शदीप की हैंडराइटिंग में तैयार किया गया। दोनों टैटू के साथ दिल का निशान भी बनाया गया है।

टैटू स्टूडियो ने साझा किया खास वीडियो

बेंगलुरु के जिस टैटू स्टूडियो में दोनों ने टैटू बनवाए, वहां से शनिवार को एक बिहाइंड द सीन्स वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो में अर्शदीप और समरीन एक साथ टैटू बनवाते दिखाई दिए।

इस दौरान समरीन ने एक अन्य टैटू भी बनवाया। दोनों के टैटू की सबसे अलग बात उनकी निजी हैंडराइटिंग है। डिजाइन तैयार करते समय दोनों की लिखावट के छोटे-छोटे अंतर को भी बनाए रखने की कोशिश की गई।

पहले भी कई बार साथ नजर आ चुके हैं दोनों

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर इस साल की शुरुआत से ही सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। कुछ महीने पहले अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक युवती का हाथ पकड़े हुए तस्वीर साझा की थी। तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुईं और युवती की पहचान समरीन कौर के रूप में की गई।

बाद में दोनों की कुछ और तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें वे साथ घूमते और हाथों में हाथ डाले नजर आए। हालांकि अब मैचिंग टैटू की तस्वीरों के सामने आने के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।

मैचिंग टैटू ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता

एक-दूसरे की हैंडराइटिंग में टैटू बनवाने का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर कपल की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसक दोनों के रिश्ते को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!