बिलासपुर : रतनपुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। पूजा के लिए मंदिर जा रहे युवक की रास्ते में टूटकर गिरे एलटी बिजली तार से संपर्क हो गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण युवक बुरी तरह झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान ईश्वर अनंत उर्फ राजू के रूप में हुई है।

आठाबिसा तालाब के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, रतनपुर स्थित आठाबिसा तालाब के पास एलटी बिजली तार टूटकर सीसी रोड पर गिरा हुआ था। आरोप है कि इस खतरनाक स्थिति की जानकारी के बावजूद समय रहते तार को हटाने या सुधारने की कार्रवाई नहीं की गई।शुक्रवार रात ईश्वर उसी रास्ते से गुजर रहा था। इस दौरान वह जमीन पर पड़े करंटयुक्त तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पहले भी इसी इलाके में जा चुकी है एक जान

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भेड़ीमुड़ा क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी इसी स्थान के आसपास एक युवक की करंट लगने से मौत हो चुकी है। एक ही इलाके में दोबारा करंट से मौत की घटना सामने आने के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते टूटे तार और बिजली व्यवस्था की खामियों को दूर किया जाता तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस घटना के कारणों के साथ बिजली तार के टूटने और उसमें करंट प्रवाहित रहने की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!