नई दिल्ली: शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में देशभर के 48 उत्कृष्ट स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित करेंगी। यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान और उनके नवाचारों को पहचान देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

समारोह के दौरान प्रत्येक पुरस्कार विजेता के कार्य, उपलब्धियों और शिक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचारों पर आधारित लघु डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी। इनमें शिक्षकों के योगदान के साथ यह भी दिखाया जाएगा कि उनके प्रयासों से विद्यार्थियों के सीखने और उनके जीवन पर किस तरह सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

तीन चरणों की चयन प्रक्रिया से हुआ चयन

शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभागकी ओर से हर साल शिक्षक दिवस पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किया जाता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों की पहचान करना है, जिन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण, नवाचार और प्रतिबद्धता दिखाई है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए पात्र शिक्षकों से शिक्षा मंत्रालय के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए थे। नामांकन प्रक्रिया 15 जून से 20 जुलाई  तक चली। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से चयन

इस वर्ष चुने गए 48 पुरस्कार विजेताओं में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। इन शिक्षकों का चयन देश के 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के छह संगठनों से किया गया है। पुरस्कार के जरिए उन शिक्षकों के योगदान को सामने लाया जा रहा है, जिन्होंने बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और समर्पण को प्रोत्साहित करना है। साथ ही, यह पुरस्कार देश के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर शिक्षण पद्धतियों और नए प्रयोगों के लिए प्रेरित करता है।

हिमाचल और उत्तर प्रदेश में भी शिक्षकों का सम्मान

शिक्षक दिवस के मौके पर राज्यों में भी उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में 26 शिक्षकों को स्टेट टीचर अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। इनमें 21 स्कूल शिक्षक और पांच कॉलेज शिक्षक शामिल हैं। वहीं नॉन-ट्राइबल और हार्ड एरिया कैटेगरी में जनरल अवॉर्ड के लिए 15 शिक्षकों का चयन किया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 81 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्टेट टीचर अवॉर्ड और मुख्यमंत्री शिक्षक अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। समारोह गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीरनाथ ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!