रायपुर : उरला थाना क्षेत्र में एजुकेशन एकेडमी से हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। कैलाश नगर, बीरगांव स्थित VR Education Academy में हुई वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दो आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से चोरी की पूरी 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की रकम बरामद कर ली गई है।

आधी रात ताला तोड़कर एकेडमी में घुसे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, एकेडमी संचालक प्रगति वर्मा ने 31 अगस्त को उरला थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुआ। इसके बाद आलमारी के लॉकर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।

सीसीटीवी ने खोला रास्ता, ट्रेन से भागने का मिला सुराग

जांच टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ के अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से भी संदिग्धों का पता लगाया गया।जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि वारदात के बाद आरोपी ट्रेन के जरिए उज्जैन की तरफ निकल गए हैं। इसके बाद पुलिस ने RPF भिलाई और मध्य प्रदेश के बैतूल की टीम से संपर्क कर घेराबंदी तेज कर दी।

बैतूल में पकड़े गए दोनों संदिग्ध

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में ले लिया। उन्हें रायपुर लाकर पूछताछ की गई, जहां पुलिस के मुताबिक दोनों ने एकेडमी में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद कर ली। मामले में उरला थाने में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी

पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय चित्रांश सेन और 19 वर्षीय फिरोज साहू को गिरफ्तार किया है। चित्रांश सेन खमतराई थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि फिरोज साहू बीरगांव के कैलाश नगर का रहने वाला है।चोरी के बाद आरोपियों के दूसरे राज्य की ओर निकल जाने के बावजूद पुलिस ने तकनीकी जांच और दूसरे जिलों की टीमों के साथ समन्वय के जरिए महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!