
MP News: शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक RPF जवान की सूझबूझ और साहस ने एक महिला की जान बचा ली। 30 अगस्त को हुई इस घटना के बाद मंगलवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने RPF के ASI वीरेंद्र तिवारी को सम्मानित किया। मंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता समाज के लिए मिसाल है।
एक पल की चूक और हो सकता था बड़ा हादसा
30 अगस्त को ग्वालियर-बीना पैसेंजर ट्रेन संख्या 51884 शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर थी। इसी दौरान शिवपुरी निवासी 35 वर्षीय निर्मला देवी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगीं।
ड्यूटी पर मौजूद RPF ASI वीरेंद्र तिवारी की नजर महिला पर पड़ते ही उन्होंने बिना समय गंवाए उन्हें पकड़ लिया और अपनी ओर खींचकर प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित ले आए। उनकी इस तेजी से महिला की जान बच गई।
सिंधिया ने पटका और माला पहनाकर किया सम्मान
मंगलवार 1 सितंबर को शिवपुरी रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ASI वीरेंद्र तिवारी को सम्मानित किया। उन्होंने पटका और माला पहनाकर जवान की हौसला अफजाई की और उनकी कर्तव्यनिष्ठा की जमकर तारीफ की।
सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ASI तिवारी की तत्परता से एक महिला का जीवन सुरक्षित हुआ। उन्होंने जवान की बहादुरी और संवेदनशीलता को RPF कर्मियों की पहचान बताया।
बोले सिंधिया, ऐसे बहादुरों की समाज को जरूरत
सम्मान के दौरान केंद्रीय मंत्री ने वीरेंद्र तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी के कारण आज एक महिला सुरक्षित है और इसके लिए उनका आभार जितना जताया जाए, कम है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे बहादुर और संवेदनशील लोगों की जरूरत है।
स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
ASI को सम्मानित करने के साथ केंद्रीय मंत्री ने शिवपुरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वीरेंद्र तिवारी की यह तत्परता एक बार फिर बताती है कि ड्यूटी के दौरान कुछ सेकंड का सही फैसला किसी की जिंदगी बचाने में कितना महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।




















