
छत्तीसगढ़ : शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आगामी शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए आवेदन से लेकर लॉटरी तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।
दिसंबर में खुलेगा आवेदन का रास्ता
RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए अभिभावक 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और पात्रता की जांच की जाएगी। इसके बाद पात्र बच्चों का चयन राज्य स्तर पर जिलावार लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
नवंबर में स्कूलों की प्रोफाइल और सीटों का सत्यापन
लोक शिक्षण संचालनालय ने मंगलवार को सभी कलेक्टरों, संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल भेज दिया है। पूरी प्रक्रिया RTE पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।स्कूलों की प्रोफाइल अपडेट करने और नए स्कूलों के रजिस्ट्रेशन के लिए 2 से 25 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद 2 से 28 नवंबर के बीच नोडल प्राचार्य और जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर स्कूल की प्रोफाइल तथा उपलब्ध सीटों की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
जनवरी में लॉटरी से तय होगा बच्चों का चयन
आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद RTE प्रवेश के लिए राज्य स्तर से जिलावार लॉटरी निकाली जाएगी। बच्चों के चयन की यह प्रक्रिया 11 और 12 जनवरी 2027 को होगी। लॉटरी में चयनित बच्चों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित निजी स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा।
नए शिक्षा सत्र के साथ बदलेगा पूरा कैलेंडर
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में शिक्षा सत्र की अवधि में भी बदलाव का फैसला लिया है। अब अन्य शिक्षा बोर्ड और मंडलों की तर्ज पर प्रदेश में शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक चलेगा। ऐसे में RTE प्रवेश प्रक्रिया का यह शेड्यूल नए शिक्षा सत्र की व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है।
अभिभावक इन तारीखों को रखें याद
- स्कूल प्रोफाइल अपडेट और नए स्कूल रजिस्ट्रेशन: 2 से 25 नवंबर 2026
- स्कूल प्रोफाइल और सीटों का सत्यापन: 2 से 28 नवंबर 2026
- RTE प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन: 1 से 31 दिसंबर 2026
- जिलावार लॉटरी: 11 और 12 जनवरी 2027
इस प्रक्रिया के चलते RTE के तहत निजी स्कूल में बच्चे का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों को आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी जाती है।




















