
बिलासपुर: औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों तथा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर लगाम कसने बिलासपुर पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का कारोबार संचालित करने वाले 10 दुकान संचालकों को गिरफ्तारकिया। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
सिरगिट्टी से तिफरा तक कबाड़ दुकानों की सघन जांच
पुलिस के मुताबिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कबाड़ दुकानों की जांच की। पुलिस ने सिरगिट्टी, तिफरा, गणेश नगर और चुचुहियापारा सहित अन्य क्षेत्रों में संचालित दुकानों की पड़ताल कीजांच के दौरान बिना आवश्यक वैधानिक अनुमति के कबाड़ कारोबार संचालित करने वाले संचालकों को थाने तलब किया गया। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
इन कबाड़ संचालकों पर हुई कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई की जद में आने वालों में शेख तौसीफ (29), सैय्यद प्रिंस (35), अमित कश्यप (34), साहिल खान (25), अनूप डेविड (31), राजू चौहान (42), दीपेश कुमार साहू (20), अफजल हुसैन (44), मोहम्मद फिरोज (42) और मोहम्मद इमरान खान (41) शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग इलाकों में कबाड़ कारोबार से जुड़े बताए गए हैं।
संदिग्ध कबाड़ खरीदने वालों को चेतावनी
सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैधानिक अनुमति के दुकान संचालित करने और संदिग्ध अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




















