हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे की चपेट में आने से कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को हल्की चोट लगी है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात लगभग 12 बजे हुई। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार गाड़ी (नंबर DL 8C BL 9822) चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। अनियंत्रित होते ही गाड़ी एक्सप्रेसवे पर कई बार पलटी खाकर सड़क किनारे गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए।

काफी दिक्कतों के बाद सभी को निकाला गया गाड़ी से बाहर

घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और सिंभावली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे सभी पांचों व्यक्तियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सीएचसी सिखेड़ा भर्ती कराया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय विष्णु की किस्मत अच्छी थी और उसे मामूली चोटें आई हैं।

सभी मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। मृतकों में 26 साल के जोगिंदर, 25 साल के सुखबीर, 20 साल के जसवंत और 20 साल के रवि शामिल हैं। वहीं हादसे में घायल हुआ 17 साल का विष्णु भी बदायूं के पालपुर गांव का ही रहने वाला है। हादसे के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इसके बाद सड़क पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को क्रेन की मदद से हटवाकर रास्ता साफ कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!