बैकुंठपुर: कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित कोविड अस्पताल कंचनपुर के ऑक्सीजन प्लांट से इलेक्ट्रॉनिक कॉपर वायर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना बैकुंठपुर पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कॉपर वायर में से कुल 20 किलोग्राम तार बरामदकिया गया है। चोरी हुए शेष माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, सीएमओ कार्यालय में ऑक्सीजन प्लांट हैंडलर के रूप में पदस्थ प्रकाश कुमार विश्वकर्मा ने 9 जनवरी 2026 को थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 8 जनवरी की दरम्यानी रात कोविड अस्पताल कंचनपुर स्थित ऑक्सीजन प्लांट में लगे करीब 80 हजार रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक कॉपर वायर को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।रिपोर्ट पर थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चरचा निवासी अर्जुन बसोर, विजय बसोर और संतोष कुमार चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर में से करीब 70 किलोग्राम तार चरचा निवासी दीपेश उर्फ निखिल महाराज को बेचा गया था।इसके बाद पुलिस ने दीपेश उर्फ निखिल महाराज से पूछताछ की। उसने बताया कि उसके द्वारा 65 किलोग्राम कॉपर वायर बैकुंठपुर निवासी आर्यन ताम्रकार को बेच दिया गया था। पुलिस ने दीपेश के कब्जे से 5 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया।वहीं, आर्यन ताम्रकार से पूछताछ में उसने चोरी के तार में से 50 किलोग्राम कॉपर वायर बिलासपुर में बेचने की बात बताई। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया। इस तरह पुलिस अब तक कुल 20 किलोग्राम चोरी का कॉपर वायर बरामद कर चुकी है।मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन बसोर (23), विजय बसोर (30), संतोष कुमार चौधरी (38), दीपेश उर्फ निखिल महाराज (27) और आर्यन ताम्रकार (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस का कहना है कि चोरी हुए शेष कॉपर वायर की बरामदगी के साथ-साथ मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्रा, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, प्रधान आरक्षक बाल साय पोर्ते, आरक्षक समीर, आरक्षक रामायण श्याम तथा साइबर सेल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!