हादसे से पहले पिता-पुत्र ने साथ किया था भोजन, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब

अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम राजेंद्रपुर निवासी विवेक यादव के लिए शनिवार का दिन जिंदगी भर न भूल पाने वाली याद बन गया। दोपहर में उनके पिता लक्ष्मण यादव ने अपने बेटे को खाना परोसा और दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया। इसके कुछ ही घंटे बाद सड़क हादसे में लक्ष्मण यादव की मौत हो गई। पिता के साथ बिताए आखिरी पलों को याद कर विवेक भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि शायद पिता के हाथों से उनके लिए परोसा गया वह आखिरी भोजन था।

लक्ष्मण यादव (50) हिंडालको की बॉक्साइट खदान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे और बॉक्साइट श्रमिक संघ सामरी के महामंत्री भी थे। शनिवार को वे कार क्रमांक सीजी 04 ओसी 8071 से अवधेश यादव के साथ सामरी गए थे। लौटते समय सबाग रोड पर पुरानपानी के समीप पकरीटोली मिशन स्कूल के पीछे मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार के चारों पहिए ऊपर हो गए और लक्ष्मण यादव वाहन से बाहर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल पुरानपानी मिशन अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें कुसमी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि..

लक्ष्मण यादव का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम के खीराकोना स्थित मुक्तिधाम में रविवार दोपहर करीब एक बजे किया गया। बेटे विवेक यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। पिता को अंतिम विदाई देते समय परिजनों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। हादसे में कार चालक अवधेश यादव को भी मामूली चोटें आई हैं।

श्रमिक संगठन में शोक की लहर..

लक्ष्मण यादव श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही हिंडालको के अधिकारी-कर्मचारी, श्रमिक संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय लोग अस्पताल एवं घटनास्थल पर पहुंचे। उनके निधन से श्रमिक संगठन, सहकर्मियों, परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है।

बेटे ने कहा- पिता हमेशा सावधानी से वाहन चलाने कहते थे..

विवेक यादव ने बताया कि उनके पिता हमेशा वाहन धीमी गति से चलाने, सीट बेल्ट लगाने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह देते थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही पिता ने उन्हें अपने हाथों से खाना परोसा था। उस समय उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि पिता के हाथों से मिला वह भोजन उनके जीवन का आखिरी भोजन बन जाएगा।

नम आंखों से दी अंतिम विदाई..

अंतिम संस्कार में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुसमी जन्मजय सिंह, एल्डरमेन उमेश्वर ओझा, छत्तीसगढ़ श्रमजिवी पत्रकार कल्याण संघ जिला बलरामपुर कोषाध्यक्ष व प्रेस क्लब कुसमी के सचिव पत्रकार अम्बिकेश गुप्ता, हिंडालको प्रबंधन से राजेश राठौर, राजेश घोष, बबलू यादव, डब्लू यादव, दीपक गुप्ता, सचिव ओमप्रकाश यादव, अम्बिका यादव, भारतीय मजदूर संघ सामरी के अध्यक्ष अर्जुन यादव व रामचंद्र गोप सहित बड़ी संख्या में यादव समाज एवं विभिन्न समाजों के वरिष्ठजन और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने गमगीन माहौल में नम आंखों से लक्ष्मण यादव को अंतिम विदाई दी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!