भद्रक: ओडिशा के भद्रक जिले में सांप के काटने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को जहरीले सांप ने काट लिया। इसके बाद युवक घबराने के बजाय उसी सांप को पकड़कर प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया और इलाज कराने अस्पताल पहुंच गया। युवक के साथ डिब्बे में सांप को देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला भद्रक जिले के बसुदेवपुर ब्लॉक के बालिमेड इलाके के जेनासाही गांव का है। युवक की पहचान बिजय जेना के रूप में बताई जा रही है। बताया गया कि बिजय शाम के समय अपने दोस्तों के साथ बाहर घूम रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया।

सांप के काटने के बाद बिजय ने तुरंत अस्पताल जाने का फैसला किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले उसने उस सांप को पकड़ लिया, जिसने उसे काटा था। इसके बाद सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया और उसे अपने साथ लेकर नजदीकी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पहुंच गया।

अस्पताल में जब युवक के साथ मौजूद प्लास्टिक के डिब्बे पर लोगों की नजर पड़ी और उसके अंदर सांप दिखाई दिया, तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। आमतौर पर सांप के काटने के बाद लोग सांप से दूर भागने और जल्द से जल्द इलाज कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन बिजय सांप को ही अपने साथ अस्पताल ले आया।

अस्पताल में बिजय का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद जेनासाही इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि युवक द्वारा सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करना बेहद जोखिम भरा कदम था। विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप के काटने की स्थिति में उसे पकड़ने या उसके पास जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। पीड़ित को बिना देरी किए सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाना ही सबसे जरूरी है।

इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सावधान किया है कि सांप के काटने के मामलों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर चिकित्सा सहायता मिलना ऐसे मामलों में बेहद महत्वपूर्ण होता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!