काठमांडू: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। रसुवा जिले के टिमुरे में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से आए मलबे में करीब तीन दिनों तक दबी रही 6 वर्षीय बच्ची को सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने जिंदा बाहर निकाल लिया। बच्ची के मलबे के नीचे दबे होने की जानकारी उसके रोने की आवाज से हुई।

बचाव दल शुक्रवार शाम टिमुरे इलाके में बाढ़ प्रभावित लोगों की तलाश कर रहा था। इसी दौरान जवानों को मिट्टी और मलबे के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में तत्काल खुदाई शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद जवानों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।बाहर निकाले जाने के बाद बच्ची को सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के बॉर्डर आउट पोस्ट, टिमुरे लाया गया। लंबे समय तक मलबे में दबे रहने के कारण उसकी हालत काफी कमजोर बताई गई। उसे बेहतर उपचार के लिए काठमांडू ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन शुक्रवार रात खराब मौसम और अंधेरा होने के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

इसके बाद शनिवार दोपहर बच्ची को हेलिकॉप्टर के जरिए काठमांडू लाया गया, जहां अस्पताल में उसका उपचार जारी है। राहतकर्मियों के लिए बच्ची का जिंदा मिलना इस भयावह आपदा के बीच उम्मीद की एक बड़ी खबर मानी जा रही है।

675 लोगों की मौत, 2400 अब भी लापता

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 675 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 2400 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रहे हैं।

भारत के भी कई नागरिक नेपाल में फंसे हुए थे। अब तक 108 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। चीन के रास्ते नेपाल से सुरक्षित निकलने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या 598 बताई गई है, जबकि करीब 900 भारतीय नागरिकों के अभी चीन से निकलने की प्रक्रिया में होने की जानकारी है।

हालांकि नेपाल में खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। तिब्बत में बनी नई झीलों को लेकर भी चिंता बनी हुई है। विशेषज्ञों और प्रशासन को आशंका है कि यदि इनमें से कोई झील टूटती है तो नेपाल के कई इलाकों में दोबारा बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मलबे से लगातार शव मिलने के कारण मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!