
कोरिया: जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बचरापोंड़ी पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 8 लीटर 820 एमएल अंग्रेजी शराब, जिसकी बाजारू कीमत 8,570 रुपये बताई गई है, जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, पुलिस अधीक्षक कोरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में थाना क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ, नशीली दवाइयों सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी दौरान 28 अगस्त 2026 को बचरापोंड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिरमी केंवटाडांड़ निवासी विनय कुमार उर्फ छोटू (35 वर्ष), पिता झुनसाय, जाति गोंडअपने कमरे में अवैध अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के कमरे की तलाशी ली।तलाशी के दौरान राजश्री गुटखा के झोले और एक सफेद प्लास्टिक के झोले में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब की पहचान और गणना कराकर उसे विधिवत जब्त किया।जब्त शराब में गोवा व्हिस्की की 27 पाव (4.860 लीटर), बैगपाइपर व्हिस्की की 13 पाव (2.340 लीटर), आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 6 पाव (1.080 लीटर) और 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की की 3 पाव (540 एमएल) शामिल है। सभी शराब मध्यप्रदेश निर्मित और 'फॉर सेल ओनली' अंकित बताई गई है
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 36 एवं 49 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक लवांग सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक रोशन एक्का, बालकृष्ण तथा चालक आरक्षक सूरज यादव का सराहनीय योगदान रहा।




















