
रायपुर : विधानसभा थाना परिसर में शनिवार 29 अगस्त को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना परिसर में लगे वाटर कूलर से पानी लेने पहुंचे 32 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में एक पुलिस आरक्षक भी झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाटर कूलर छूते ही हुआ हादसा
मृतक की पहचान बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। वह किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी लेने के दौरान जैसे ही उसने कूलर को छुआ, अचानक उसे तेज करंट लग गया।विद्युत प्रवाह इतना तेज था कि रमेश वहीं जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने उसे बचाने की कोशिश शुरू की।
मदद के लिए पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट
रमेश को विद्युत प्रवाह से अलग करने का प्रयास कर रहे आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आ गए। इससे वह झुलस गए। इसके बाद तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई और युवक को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई।हालांकि तब तक रमेश की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घायल आरक्षक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
करंट लगने से झुलसे आरक्षक गणेश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी लेने के साथ पूरे मामले की स्थिति का जायजा लिया।
CSEB की टीम ने शुरू की विद्युत जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए CSEB के अधिकारी और कर्मचारी भी थाना परिसर पहुंचे। टीम ने वाटर कूलर और उससे जुड़े विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है।जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाटर कूलर में विद्युत प्रवाह कैसे पहुंचा और कूलर की बाहरी सतह तक करंट आने की वजह क्या थी। विद्युत सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की तकनीकी खामी थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।



















