कोरिया: जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइड के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर तांबा, पीतल और कांसा धातु से बने महंगे मशीन पार्ट्स सहित करीब 40 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और शेष चोरी गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के मुताबिक 21-22 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात आरोपियों ने टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्थित स्टोर की छत की सीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कोयला उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के तांबा, पीतल और कांसा से निर्मित महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए गए। घटना के संबंध में टीएमसी पाण्डोपारा परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती ने 24 अगस्त को थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर एसडीओपी आशा सेन एवं राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

संदिग्धों से सघन पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 9-10 लोगों के समूह में मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। चोरी करने के बाद सामान को एक दिन तक बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा गया। इसके बाद चोरी का माल चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू को बेच दिया गया।

कबाड़ी के पास से 40 लाख का सामान बरामद

पुलिस जांच में सामने आया कि कबाड़ी ने अपने वाहन से चोरी का सामान लाकर उसका कुछ हिस्सा अपने घर में रखा, जबकि आधा से अधिक सामान अन्य कबाड़ी को बेच दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब्दुल वासिब उर्फ गोलू के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के तांबा, पीतल और कांसा धातु से निर्मित महंगे मशीन पार्ट्स बरामद किए हैं।इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से घटना के दौरान इस्तेमाल के लिए रखी गई तीन तलवारें, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकदभी जब्त किए गए हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में किशन कुमार (24), मंगलराम उर्फ गोलू (24), करन (24) और अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां (30) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र और पटना थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना पटना, चरचा और बैकुंठपुर में पूर्व में भी चोरी के आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। मामले में चोरी गए आधे से अधिक माल की बरामदगी हो चुकी है। शेष माल और फरार आरोपियों की तलाश के साथ अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को आम लोगों से मिलने वाली सूचना बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!