
जशपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन आघात” के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कुल 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
कुनकुरी में 494 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर थाना के सामने रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियों से पीले टेप में लिपटे 120 पैकेट मिले, जिनमें करीब 246 किलो गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके से बिहार निवासी अनवर अंसारी (45)और दिनेश कुमार केसरी (26 को गिरफ्तार किया।इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में एक बिना नंबर की सेल्टोस कार गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी में कार से 120 पैकेटों में करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुनकुरी क्षेत्र में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।

नारायणपुर में 26 किलो गांजा जब्त
नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 से गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान डिक्की से 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ।मौके से कमल किशोर ओझा (56)और अनिता सोनी (35), दोनों निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की कड़ी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में किससे लिया गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी। पुलिस सप्लायर और गांजा प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
करीब 3 करोड़ की कुल जब्ती
जशपुर पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल 520 किलो गांजा जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती करीब 3 करोड़ रुपये की है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर **डॉ. लाल उमेद सिंह** ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















