
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बुधवार, 26 अगस्त को भी बनी रहने की संभावना है। बंगाल की खाडी में बने मौसम तंत्र और चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।मौसम विभाग ने परिस्थितियों को देखते हुए कुछ इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे उमस से राहत मिली है। वहीं प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से जुडी टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर में दोपहर बाद तेज बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत साफ दिखाई दे सकता है, लेकिन दोपहर के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इस दौरान बादल घने हो सकते हैं और कई इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक तथा बारिश देखने को मिल सकती है।रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन मौसम प्रणालियों के कारण बरस रहे बादल
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के आसपास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास से गुजर रही है।करीब 3 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभावी इन मौसमी प्रणालियों के कारण बंगाल की खाडी से नमी का प्रवाह छत्तीसगढ़ की ओर बना हुआ है। इसी वजह से प्रदेश में बादल छाने और लगातार बारिश होने की स्थिति बनी हुई है।
प्रदेश में बारिश का आंकडा कैसा रहा
इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बताई गई है। हालांकि बस्तर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का क्रम बना रह सकता है। अंबिकापुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान और जगदलपुर में 21.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।




















