
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद के बैनर तले तहसील स्तरीय चैलेंज कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 18 अगस्त 2026 से कुसमी के हाईस्कुल खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुसमी तहसील क्षेत्र की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया है। आयोजन के तहत प्रतिदिन अलग-अलग संगठनों, संघों, राजनीतिक दलों एवं विभागों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कराया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को खेले गए मुकाबले के दौरान प्रेस क्लब कुसमी के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे। मुकाबले की शुरुआत से पूर्व प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मैदान में मौजूद दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद अतिथियों ने फुटबॉल मुकाबले का शुभारंभ कराया। जहाँ पहला मुकाबला बाजारपारा कुसमी और सेमरा की टीमों के बीच हुआ। मुकाबले में सेमरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल से जीत दर्ज की। इसके बाद दर्रीपारा और कृष्णनगर के बीच दूसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें दर्रीपारा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन गोल से विजय हासिल की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब कुसमी के अध्यक्ष मोहम्मद निजाम, उपाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता, सहसचिव विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष फिरदोस आलम, कार्यालय प्रभारी जसीम खान तथा कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद खालिद एवं सद्दाब खान उपस्थित रहे।
विभिन्न संगठनों की सहभागिता से बढ़ रहा खिलाड़ियों का उत्साह..
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में खेल के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा प्रतिदिन क्षेत्र के अलग-अलग सामाजिक संगठनों, संघों, राजनीतिक दलों एवं शासकीय विभागों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। आमंत्रित प्रतिनिधि मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 18 अगस्त से जारी प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच लगातार मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए स्थानीय खेलप्रेमियों की भीड़ भी मैदान में पहुंच रही है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ खेल भावना और अनुशासन का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विभिन्न संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ रहा है और कुसमी क्षेत्र में फुटबॉल को लेकर माहौल भी बन रहा है। वहीं इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारी बृजमोहन सिंह, रामसाय राम, जगमोहन सोनवानी, चंद्रबली राम, मार्टिन टोप्पो, एच.डी. लकड़ा एवं मोहम्मद नईमुद्दीन सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।



















