
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर-कुसमी मार्ग पर ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे बॉक्साइट ट्रक और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप में सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन में चालक सहित 11 मजदूर प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेवारी हाई स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट ट्रक से उनकी टक्कर हो गई।

हादसे में रनसाय गोंड (34 वर्ष), उदय कुमार गोंड (25 वर्ष) एवं अमर साय गोंड (35 वर्ष), सभी निवासी ग्राम नरौला, चौकी रेवटी, थाना चंदौरा, जिला सूरजपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में चालक अन्नू कुजूर (58 वर्ष) सहित देव कुमार मरावी, भानु प्रताप, प्रेम साय, अजय कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रदीप एवं राम सिंह शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल भानु प्रताप एवं अजय कुमार को अंबिकापुर से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि वाहन चालक अन्नू कुजूर का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा मृतकों के परिजनों से चर्चा कर उन्हें ढांढस बंधाया।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




















