
अंबिकापुर: राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 के दौरान हुए करोड़ों रुपये के कथित फर्नीचर घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। फर्नीचर खरीदी में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मामले में एसीबी ने तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय, दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि एसीबी ने फर्नीचर घोटाले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है। करीब दो माह पहले एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने संबंधित कार्यालय पहुंचकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े हार्ड दस्तावेजों के साथ डिजिटल दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए थे। इन्हीं दस्तावेजों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
वर्ष 2011-12 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत फर्नीचर खरीदी में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता सामने आई थी। इस मामले में विभाग के 6 से 7 अधिकारियों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है, जबकि फर्नीचर आपूर्ति और खरीदी प्रक्रिया में करीब 12 फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120(बी) के साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) एवं 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से चल रहे फर्नीचर घोटाले की जांच ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।
फिलहाल एसीबी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान अन्य अधिकारियों और संबंधित फर्मों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि मामले में आगे और भी कार्रवाई हो सकती है।




















