बिलासपुर:  साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने 18 अगस्त को रेंज के साइबर थानों, साइबर सेल और संबंधित अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, FIR और बैंक होल्ड मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में आईजी ने स्पष्ट किया कि अब केवल साइबर थानों को ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थानों को भी प्रतिदिन नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर लॉगिन करना अनिवार्य  होगा। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

आईजी ने फर्जी अथवा संदिग्ध SIM सक्रिय करने और बेचने वाले POS एजेंटों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय से प्राप्त mule accounts की सूची के आधार पर संबंधित जिलों में त्वरित कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।

पीड़ितों को जल्द मिले ठगी की रकम

साइबर ठगी के मामलों में बैंकों द्वारा होल्ड की गई राशि पीड़ितों को जल्द वापस दिलाने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। आईजी ने 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 106 और कोर्ट आदेश की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैंक समन्वय के दौरान पुलिस स्तर पर कोई रिक्वेस्ट लंबित नहीं रखने की हिदायत भी दी गई।इसके अलावा साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, IP एड्रेस, WhatsApp और Telegram अकाउंट को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक कराने तथा इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए।

समन्वय पोर्टल पर अपलोड होगा अपराधियों का पूरा डेटा

बैठक में गिरफ्तार साइबर अपराधियों का पूरा विवरण, फिंगरप्रिंट और FIR की स्थिति ‘समन्वय पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए। पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।आईजी राम गोपाल गर्ग ने अधिकारियों से कहा कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीकी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और जनता को त्वरित राहत दिलाने की बात कही।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा रेंज साइबर थाना प्रभारी सहित साइबर थाना एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!