
सूरजपुर: बिश्रामपुर में लाइफलाइन एक्सप्रेस के लिए की जा रही व्यवस्थाओं के दौरान नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। नगर पंचायत कर्मियों ने अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा पर मारपीट करने और धमकाने का आरोप लगाया है। और इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
कर्मचारियों के अनुसार, वे लाइफलाइन एक्सप्रेस के लिए सड़क और अन्य व्यवस्थाएं तैयार कराने का काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ हाथ-पैर से मारपीट की गई और पत्थर उठाकर मारने का प्रयास किया गया।नगर पंचायत कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें गड्ढा खोदकर दफनाने और जेसीबी चलाने जैसी धमकियां दी गईं। वहीं, एक कर्मचारी का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।घटना के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
हालांकि, इस मामले में अपर कलेक्टर अथवा जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।मामला बिश्रामपुर स्थित लाइफलाइन एक्सप्रेस स्थल का बताया जा रहा है।




















