रायपुर:  छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। हालांकि, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम बताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके असर से 18 अगस्त को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। दिनभर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अंबिकापुर सबसे गर्म, दुर्ग सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

इन क्षेत्रों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोरबा में 17 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेंटीमीटर, अजगरबहार में 9 सेंटीमीटर तथा डौंडीलोहारा में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।इसके अलावा लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दरीं में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!