


नई दिल्ली। 15 अगस्त हर भारतीय के लिए गर्व और गौरव का दिन है। इसी दिन वर्ष 1947 में भारत ने ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल की थी। हर साल स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जाता है। हालांकि इस बार कई लोगों के मन में सवाल है कि वर्ष 2026 में भारत 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है या 80वां। इसका सही जवाब है कि भारत इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, क्योंकि आजादी मिलने के बाद 79 वर्ष पूरे हो चुके हैं और अब 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।
क्यों मनाया जा रहा है 80वां स्वतंत्रता दिवस?
भारत को 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता मिली थी। इसके बाद हर वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2025 में देश ने 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया था और 2026 में 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जा रहा है।
इस बार की थीम क्या है?
वर्ष 2026 का स्वतंत्रता दिवस कई मायनों में खास माना जा रहा है। इस बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहली बार दिल्ली के लाल किले में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन होगा।
इसके साथ ही इस वर्ष की प्रमुख थीम ‘विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका’ रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे और देश के विकास से जुड़े विजन पर अपने विचार रखेंगे।
स्वतंत्रता दिवस से जुड़े रोचक तथ्य
- 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ था, लेकिन उस समय देश का संविधान लागू नहीं हुआ था।
- स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। तब से यह परंपरा लगातार जारी है।
- भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा तय करने वाली रेडक्लिफ लाइन 17 अगस्त 1947 को घोषित की गई थी।
- आजादी के समय भारत का आधिकारिक राष्ट्रगान नहीं था। वर्ष 1950 में ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान का दर्जा दिया गया।
देशभर में होंगे विशेष आयोजन
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, परेड और विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर आजादी के संघर्ष, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
















