जशपुर: नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और आपराधिक मामलों की विवेचना को अधिक त्वरित, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, लोक अभियोजन एवं एफएसएल अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई।

बैठक में MedLEaPR (Medico Legal Examination and Post-Mortem Reports System) के प्रभावी संचालन पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों एवं चिकित्सकों को एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की ऑनलाइन रिपोर्टिंग, केस पंजीयन, रुक्का प्रक्रिया तथा सीसीटीएनएस के साथ डिजिटल समन्वय की जानकारी दी गई।

प्रेजेंटेशन के माध्यम से Rukka–GD–CCTNS–MedLEaPR के डिजिटल वर्कफ्लो को समझाया गया। साथ ही चिकित्सकों को मेडिकल एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। रिपोर्ट में आवश्यक चिकित्सकीय विवरण और स्पष्ट चिकित्सकीय अभिमत दर्ज करने पर जोर दिया गया, ताकि विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया में रिपोर्ट प्रभावी दस्तावेज के रूप में उपयोग हो सके।जिला अभियोजन अधिकारी सुरेश कुमार साहू और डीपीओ विपिन शर्मा ने मेडिकल रिपोर्ट की कानूनी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सकों से तथ्यपरक और स्पष्ट मेडिकल ओपिनियन दर्ज करने की अपील की।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने निर्देश दिए कि पुलिस द्वारा एमएलसी अथवा पीएमआर के लिए भेजे गए प्रकरणों की मेडिकल रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अभियोजन के बीच मजबूत एवं समयबद्ध समन्वय से विवेचना में तेजी आएगी और न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो सकेंगे।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. इंदवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार, विभिन्न एसडीओपी, चिकित्सा अधिकारी, अभियोजन अधिकारी, एफएसएल अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जशपुर पुलिस के अनुसार, MedLEaPR के प्रभावी क्रियान्वयन से मेडिकल-लीगल रिपोर्टिंग को अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे तकनीक आधारित, समयबद्ध और बेहतर समन्वित विवेचना व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!