भिलाईनगर। दुर्ग जिले के स्मृतिनगर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग को डराकर और जान से मारने की धमकी देकर उसके रिश्तेदारों के घर से लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी करवाए गए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कांग्रेस पार्षद के बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और चोरी का अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

धमकी देकर नाबालिग को बनाया चोरी का जरिया

ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो से तीन महीने पहले उनके 17 वर्षीय भांजे को आरोपी अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाकर अपने प्रभाव में ले लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने नाबालिग पर घर से सोने के जेवर लाने का लगातार दबाव बनाया। डर के कारण नाबालिग ने अपने मामा के घर से दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी कर आरोपियों को सौंप दिया।

मां के घर से भी चोरी कराए गए जेवर

मामले में नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी अलग से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने उनके घर से भी एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां निकालकर आरोपियों को दे दी थीं।

जांच में सामने आया पूरा खेल

दोनों शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में पता चला कि आरोपी नाबालिग को लगातार धमकाते थे और उसी के जरिए घरों से कीमती जेवर मंगवाते थे। चोरी का सामान बाद में अपने कब्जे में रख लेते थे।

कांग्रेस पार्षद का बेटा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भिलाई के वार्ड क्रमांक 6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के पुत्र अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

ऑनलाइन बेटिंग की लत लगाने का भी आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अनुराग कुर्रे ने नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए जुए की लत लगाने का प्रयास किया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इसी माध्यम से नाबालिग को मानसिक रूप से प्रभावित कर चोरी कराने की साजिश तो नहीं रची गई थी।

करीब 8 लाख रुपये के जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों से जुड़े करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का इस तरह की अन्य घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!