लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भवन की जर्जर हालत अब मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल के NBSU (नवजात शिशु देखभाल इकाई) कक्ष की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के मुताबिक रविवार को आपातकालीन ड्यूटी के लिए चिकित्सक के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद करीब 9:30 बजे NBSU कक्ष की फॉल सीलिंग गिरने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को दी गई।बताया जा रहा है कि NBSU के इस कमरे का इस्तेमाल आपातकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के रुकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर भी किया जा रहा था। ऐसे में कमरे की छत का अचानक गिरना स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पहले प्रसव कक्ष भी हो चुका है क्षतिग्रस्त

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रसव कक्ष भी पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। अब NBSU कक्ष की फॉल सीलिंग गिरने की घटना ने अस्पताल भवन की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते जर्जर हिस्सों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन उपचार के लिए मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। इसके अलावा डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में भवन के जर्जर हिस्से उनके लिए भी खतरा बन सकते हैं।

मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल भवन का निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि भवन की स्थिति को लेकर समय रहते गंभीरता नहीं बरती गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

अब देखने वाली बात होगी कि स्वास्थ्य विभाग इस घटना के बाद अस्पताल भवन की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाता है और जर्जर हिस्सों की मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कितनी जल्द कार्रवाई की जाती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!