Phuket Delhi Flight: एयर इंडिया की फुकेट से दिल्‍ली आ रही फ्लाइट AI2379 में 4 अगस्त को अचानक तेज झटके लगे थे, विमान उड़ान के दौरान करीब 300 फीट नीचे चला गया. इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री तथा क्रू मेंबर घायल हो गए. हालांकि बाद में विमान सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड उतर गया.

घटना के बाद विमान के पायलटों का नियम के अनुसार डोप टेस्ट भी कराया गया. अब कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि एक पायलट का टेस्ट पॉजिटिव आया है. हालांकि, एयर इंडिया ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है. लेक‍िन, इस तरह के दावों के बाद अब कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं.

एयर इंड‍िया ने क्‍या कहा?

एयर इंडिया का कहना है कि पायलटों की जांच तय नियमों के तहत की गई थी. लेकिन, टेस्ट की रिपोर्ट अभी तक एयरलाइन को नहीं मिली है. इसलिए कंपनी किसी भी नतीजे पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है. एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसके क्रू मेंबर्स का डोप टेस्ट नियमित रूप से किया जाता है. यह विमान से जुड़ी किसी खास घटना तक सीमित नहीं है.

20 लोग हुए थे घायल

इस घटना में करीब 20 लोगों को चोट लगने की जानकारी सामने आई है. कुछ यात्रियों को विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद अस्पताल ले जाया गया. नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि करीब 24 यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण अस्पताल ले जाया गया था. इनमें से ज्यादातर लोगों की जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

एक यात्री ने DGCA के AirSewa पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई. उसके अनुसार, विमान अचानक नीचे गिरा, जिससे यात्री सीटों से उछलकर ऊपर की तरफ जा गिरे. उसके परिवार के दो बुजुर्ग सदस्यों को भी चोटें आईं.

पूरे मामले की हो रही जांच

घटना की जांच DGCA कर रहा है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान के अचानक ऊंचाई खोने की असली वजह क्या थी. उस समय उड़ान के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं. पायलट के डोप टेस्ट की रिपोर्ट भी जांच में अहम हो सकती है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!