

बलरामपुर: जन सुरक्षा के दृष्टिगत कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वाहन चालकों में नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में परिवहन विभाग द्वारा विकासखंड रामचंद्रपुर के विजयनगर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान एक ऑटो रिक्शा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस का अभाव तथा वाहन के फिटनेस संबंधी दस्तावेज भी अधूरे पाए गए, जिस पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालक पर 1,000 रुपये का चालान किया गया।
जांच के दौरान एक मालवाहक पिकअप वाहन में नियमों के विपरीत सवारियों का परिवहन करते हुए पाया गया, जिस पर संबंधित चालक पर 3,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उसे भविष्य में मालवाहक वाहन में सवारियों का परिवहन नहीं करने की सख्त हिदायत देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जनहानि का बड़ा कारण भी बन सकता है।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं तथा मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन करने से बचें।











