

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अब समाधान की दिशा में बातचीत की शुरुआत होती नजर आ रही है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सरकार के साथ चर्चा के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तैयार कर उसकी सूची प्रशासन को सौंप दी है। वहीं राज्य सरकार ने भी छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने की सहमति दे दी है।छात्रों की ओर से तैयार प्रतिनिधिमंडल की सूची अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को दी गई है। इस टीम में 8 छात्र, 1 अधिवक्ता और 2 तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। छात्रों का कहना है कि यह प्रतिनिधिमंडल परीक्षा व्यवस्था में सुधार, कथित अनियमितताओं और अन्य प्रमुख मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेगा।
बैठक के समय और स्थान का इंतजार
छात्रों की ओर से प्रतिनिधिमंडल की सूची सौंपे जाने के बाद अब सरकार की ओर से बैठक की तारीख, समय और स्थान तय किए जाने का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि सहमति बनने के बाद सरकार और छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच जल्द ही बातचीत हो सकती है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल किए गए सदस्य
छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल नामों में पीयूष कुमार सिंह, रविन्द्र पासवान, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, रविन्द्र, अंकित कुमार और शालू सिंह शामिल हैं। इसके अलावा एक अधिवक्ता और दो तकनीकी विशेषज्ञ भी टीम का हिस्सा हैं।
कानूनी और तकनीकी मुद्दों को भी उठाएंगे छात्र
छात्रों ने वार्ता के लिए केवल छात्र प्रतिनिधियों पर निर्भर रहने के बजाय विशेषज्ञों को भी शामिल किया है। उनका मानना है कि इससे परीक्षा प्रणाली में तकनीकी खामियों, पारदर्शिता से जुड़े सवालों और कानूनी पहलुओं को सरकार के सामने बेहतर तरीके से रखा जा सकेगा।छात्रों की रणनीति को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार बातचीत में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। अब यह देखना अहम होगा कि सरकार छात्रों की मांगों पर किस तरह का आश्वासन देती है।
सरकार ने भी तैयार किया अपना प्रतिनिधिमंडल
छात्रों से बातचीत के लिए राज्य सरकार की ओर से भी चार मंत्रियों का प्रतिनिधिमंडल बनाया गया है। हालांकि अभी तक इन मंत्रियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। सरकार और छात्रों के बीच होने वाली प्रस्तावित बैठक को आंदोलन के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
छात्र आंदोलन को मिला राजनीतिक समर्थन
झारखंड में चल रहे इस छात्र आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी समर्थन दिया है। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वे झारखंड जाकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ खड़े होंगे और उनकी मांगों का समर्थन करेंगे।










