अंबिकापुर: नाबालिगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अंडरएज ड्राइविंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल  के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम प्रतिदिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दे रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को रेलवे स्टेशन अंबिकापुर के समीप स्थित शासकीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व, हेलमेट के उपयोग, ट्रैफिक संकेतों का पालन तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बनता है।

अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन से विद्यालय आने की अनुमति न दें। यदि कोई छात्र इस प्रकार वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसे और उसके अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए गए हैं।

सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए अधिकृत स्कूल वाहन या परिवार के किसी वयस्क सदस्य के साथ भेजें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह जागरूकता अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर के स्कूलों में लगातार जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!