

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने मवेशियों की तस्करी और पशु क्रूरता के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 5 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए उत्तर प्रदेश स्थित बूचड़खाने की ओर ले जा रहा है। सूचना पर बसंतपुर थाना पुलिस ने गवाहों के साथ घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश कुमार यादव (32 वर्ष) निवासी ग्राम कुंदी, थाना बसंतपुर बताया। उसके कब्जे से 5 मवेशियों को बरामद कर सुरक्षित जप्त किया गया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी एक अन्य व्यक्ति के कहने पर वह मवेशियों को हांककर ले जा रहा था और इसके बदले उसे 2,500 रुपये मिलने थे। पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में पेश किया गया।










