

अंबिकापुर: सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से लाई गई 162 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 18 पेटियों में रखी 900 पाव (162 लीटर) गोवा व्हिस्की बरामद की गई। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर थाना क्षेत्र के भदवाही निवासी गौरव जायसवाल ने मध्यप्रदेश से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लाकर नुनेरा गांव के पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर में छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नुनेरा गांव में दबिश दी।तलाशी के दौरान ब्रिजलाल पैकरा के घर से 18 पेटियों में रखी मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 900 पाव बोतलें, कुल 162 लीटर शराब बरामद हुई। पूछताछ में ब्रिजलाल ने बताया कि जब्त शराब गौरव जायसवाल की है। इसके बाद टीम गौरव जायसवाल के घर पहुंची, जहां उसने भी शराब अपनी होना स्वीकार कर लिया।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।











