लखनपुर/ प्रिंस सोनी: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर ने शनिवार को प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित रविशंकर शुक्ल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के प्रति योगदान को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह देव ने कहा कि स्वर्गीय रविशंकर शुक्ल और शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल का जीवन समाज और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और जनहित की राजनीति का मार्गदर्शन करते हैं।इस अवसर पर कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में अपने अभियान की शुरुआत भी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। अभियान के तहत स्मार्ट मीटर बदलवाने के लिए आवेदन प्रपत्र भरवाए गए और लोगों से इस जनअभियान में जुड़कर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी शराफत अली, देवधारी चौधरी, अमीरचंद गुप्ता, इरशाद खान, रामसुजान द्विवेदी, देवराज सिंह, मोजीब खान, इमरान खान, उमेश सोनवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!