

जशपुर: जशपुर जिले के दोकड़ा चौकी क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर उसके शव को रेत में दफनाकर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध और लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद मुख्य वजह सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 30 जुलाई 2026 को ग्राम बंदरचुवा रौतियाबस्ती में हरावती बाई (58) के घर से तेज दुर्गंध आने और मकान के बाहर ताला लगे होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दोकड़ा पुलिस ने एफएसएल टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जांच की। तलाशी के दौरान घर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के समीप रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान हरावती बाई के रूप में हुई।मामले में चौकी दोकड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मृतका के पुत्र भूषण राम की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। मां के अंतिम संस्कार और पंचनामा कार्रवाई से उसकी अनुपस्थिति के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में भूषण राम ने बताया कि उसका गांव की रहने वाली श्यामपति बाई के साथ करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। वहीं हरावती बाई और श्यामपति बाई के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने हरावती बाई का गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव से दुर्गंध आने लगी तो तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को घर से निकालकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शव दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी बरामद कर जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने श्यामपति बाई (42), बुधमति बाई (65) और भूषण राम (29) को गिरफ्तार कर 1 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलबंधन भगत, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस तिर्की, आरक्षक तरसीयूस, सुरेंद्र यादव तथा महिला आरक्षक रेणु टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि दोकड़ा क्षेत्र में महिला हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।











