

अंबिकापुर: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक को पुलिस ने जब्त कर लिया है, वहीं उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के मामले में ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी के नाम पर 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक जारी थी। विवेचना प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर उसके परिजनों से लाइसेंसी बंदूक और लाइसेंस जब्त कर लिया।पुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति का विवरण राजस्व विभाग से प्राप्त कर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ग्राम भफौली में कथित अतिक्रमित भूमि का मौका सत्यापन भी कराया जा रहा है।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी को शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।











