तिरुवनंतपुरम: केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से हालात गंभीर बने हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित इडुक्की और कोट्टायम जिले हैं, जहां अब तक भूस्खलन और बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इडुक्की जिले के अडूरमाला क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए भूस्खलन में एक मकान मलबे की चपेट में आ गया। हादसे में सुमति नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति रवि और बेटा घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), अग्निशमन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर महिला का शव बरामद किया।

इसी जिले के वागामोन क्षेत्र में भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, जहां प्रभाकरण नायर नामक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं कोट्टायम जिले के पूंजार क्षेत्र में हुए भूस्खलन में जोसेफ नाम के युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

लगातार बारिश के कारण इडुक्की जिले की कई सड़कें मलबे से पट गई हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। कट्टप्पना-वाझवारा मार्ग बंद कर दिया गया है, जबकि पुल्लाकयार नदी का जलस्तर बढ़ने से कोक्कायार का निचला पुल डूब गया। कई घरों में पानी घुसने के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए छोटे बांधों के गेट भी खोल दिए हैं।

पड़ोसी कोट्टायम जिले में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। इरट्टुपेट्टा, कंजीरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली क्षेत्रों में भारी जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई रिहायशी इलाकों में पानी भरने के बाद राहत दलों ने घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पथनमथिट्टा जिले के रन्नी और आसपास के इलाकों में भी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं की सूचना है।

भारत मौसम विभाग ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा है और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। भारी बारिश के मद्देनजर कई जिलों में स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!