खंडवा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर खंडवा जिले में 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के पहले दिन जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे शहरों से लेकर गांवों तक एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए करीब 5 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने जिले के 27 प्रमुख स्थलों को भी विशेष रूप से चिन्हित किया है, जहां सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन होगा।

सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के जरिए सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हर गांव और वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ जलेंगे दीप

अभियान के पहले दिन जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे दीप प्रज्वलित करने की तैयारी है। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, संस्थाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों से भी इस आयोजन में भाग लेने की अपील की है।

ग्रामीण इलाकों में कार्यक्रम की जिम्मेदारी पंचायत सचिवों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दी गई है। वहीं शहरों में नगर पालिका के मुख्य अधिकारियों और नगर निगम आयुक्त को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

27 प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के लिए जिले में 27 आइकॉनिक स्थल चुने गए हैं। इन सभी स्थानों की व्यवस्था और निगरानी के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

चयनित प्रमुख स्थानों में कावेश्वर मंदिर, ब्रह्मगीर समाधि स्थल, जिला चिकित्सालय, नीलकंठेश्वर महाविद्यालय, रामेश्वर कुंड, सूरजकुंड, घंटाघर, पार्वती बाई धर्मशाला, नगर निगम परिसर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा शामिल हैं।

इसके अलावा पंधाना का जोगेश्वर महादेव मंदिर, भमराड़ी बोरगांव का बाघेश्वरी माता मंदिर, सिगोट का सिंगाजी महाराज मंदिर, गुड़ी का अजयपाल बाबा आश्रम, छेगांवमाखन का गायत्री मंदिर, अहमदपुर खैगांव का सिंगाजी महाराज मंदिर, ओंकारेश्वर का गौमुखघाट और ब्रह्मपुरी घाट भी आयोजन के लिए चिन्हित किए गए हैं।

पुनासा का राम मंदिर, सुलगांव का दुर्गा मंदिर, बीड़ स्थित सिंगाजी समाधि स्थल, मूंदी का दुर्गा माता मंदिर, खालवा का रेणुका माता मंदिर, आशापुर का मां आशा देवी मंदिर, मुंडी घाट, ढोलगांव, दिदमदा का हनुमान मंदिर और सिद्धवरकूट ओंकारेश्वर का सोलर फ्लोटिंग प्लांट भी इस सूची में शामिल हैं।

सुबह रक्तदान, 437 दिव्यांगों को मिलेंगे कृत्रिम अंग

सेवा-संकल्प अभियान के पहले दिन केवल दीप प्रज्वलन ही नहीं होगा, बल्कि स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिला अस्पताल खंडवा में 17 सितंबर को सुबह 11 बजे से वृहद रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।

इसी समय दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरण शिविर भी आयोजित होगा। प्रशासन के अनुसार इस शिविर में 437 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। दोनों कार्यक्रमों के लिए स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को नोडल जिम्मेदारी दी गई है।

एक महीने तक चलेगा सेवा-संकल्प अभियान

17 सितंबर को शुरुआत के बाद सेवा-संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशासन की ओर से ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहले दिन होने वाले सामूहिक दीप प्रज्वलन को जिलेभर में एक साथ आयोजित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!