New Token System Rules: भारतीय रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे ने 1 अगस्त से भोपाल और जबलपुर मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर नई टोकन व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।

तत्काल टिकट के लिए मिलेगी प्राथमिकता

नई व्यवस्था के तहत जो यात्री स्वयं या अपने परिवार के सदस्य के लिए तत्काल टिकट बनवाने आरक्षण केंद्र पहुंचेगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर टोकन दिया जाएगा। इससे दलालों और अनावश्यक भीड़ पर नियंत्रण पाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

टोकन लेने के लिए दिखाने होंगे दस्तावेज

नई व्यवस्था का लाभ लेने के लिए यात्रियों को टोकन जारी कराने के समय अपनी पहचान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि परिवार के किसी सदस्य के लिए टिकट बनवाया जा रहा है, तो दोनों के बीच संबंध साबित करने वाले आवश्यक दस्तावेज भी दिखाने होंगे।

भोपाल को मिला चौथा रेलवे स्टेशन

रेलवे ने भोपाल शहर को एक और बड़ी सौगात दी है। 28 जुलाई को निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर स्टेशन का उद्घाटन किया।रेलवे के अनुसार, निशातपुरा स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव रहेगा। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी यहां स्टॉपेज दिया गया है।

सावन में श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेनें

सावन के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। उज्जैन और भोपाल के बीच तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।इसके साथ ही इंदौर होकर उज्जैन आने-जाने वाली पांच नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए गए हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उज्जैन स्टेशन पर शुरू हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, देश-विदेश से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं। इससे टिकट लेने के दौरान यात्रियों की भीड़ कम होगी और उन्हें लंबी कतारों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!