

रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात नाम बदलकर शादी करने के आरोप को लेकर विवाद सामने आया। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि करीब छह साल पहले उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम ‘सोनू’ बताया था। दोनों ने बाद में शादी कर ली। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसे युवक का वास्तविक नाम सुफरान शेख होने की जानकारी मिली। महिला के मुताबिक, वह करीब एक साल तक पंडरी स्थित घर में युवक की नानी और बहनों के साथ रही। इसी दौरान वह गर्भवती हुई और एक बेटे को जन्म दिया।
महिला का आरोप है कि बाद में युवक हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक साल से ज्यादा समय तक जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने बच्चे को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, युवक के परिजनों ने महिला के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि परिवार ने युवती को स्वीकार किया था और उसे अपने साथ रखा था। परिजनों का दावा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती ने खुद आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाने में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी। पंडरी थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











