बलरामपुर:  एक समय था जब बारिश ही अरुण की खेती की सबसे बड़ी उम्मीद और सबसे बड़ी चिंता हुआ करती थी। बारिश समय पर हो जाए तो फसल अच्छी होती, लेकिन बारिश कम होने पर खेत सूखने लगते और मेहनत पर पानी फिर जाता। सिंचाई का कोई स्थायी साधन नहीं होने के कारण वे वर्ष में केवल एक ही फसल ले पाते थे। रबी की खेती करना उनके लिए लगभग असंभव था। आज अरुण सालभर खेती कर रहे हैं और उसके खेतों में हर मौसम में हरियाली नजर आती है।

विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत पतरापारा निवासी  अरुण को वर्ष 2025-26 में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन के अंतर्गत निजी भूमि पर कूप निर्माण की स्वीकृति मिली। कूप निर्माण के बाद उनके खेत तक सिंचाई की स्थायी सुविधा पहुंची, जिससे खेती का स्वरूप ही बदल गया। अब उन्हें बारिश पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ता और समय पर सिंचाई होने से फसल उत्पादन में निरंतर सुधार हो रहा है।

अरुण बताते हैं कि पहले वे केवल धान की खेती करते थे, लेकिन अब धान के साथ-साथ गेहूं की फसल भी ले रहे हैं। इसके अलावा अपनी बाड़ी में मौसमी सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। इससे वे परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी होने के साथ-साथ साग-सब्जी बेचकर अच्छी आय भी प्राप्त कर हरे हैं।पहले जहां अरूण वर्ष में केवल एक फसल लेते थे, वहीं अब दोहरी फसल ले रहे हैं। कूप निर्माण के बाद उनकी वार्षिक आय लगभग 45 हजार से बढ़कर 1 लाख 50 हजार हो गई है। साथ ही लगभग 6.5 एकड़ भूमि में वर्षभर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

अरुण बताते हैं कि अब खेती के लिए पानी की चिंता नहीं रहती। समय पर सिंचाई होने से फसलों की उत्पादकता बढ़ी है और खेती में लागत की तुलना में बेहतर लाभ मिलने लगा है। बढ़ी हुई आमदनी से परिवार का जीवन स्तर सुधरा है। अब वे अपने परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पहले की तुलना में अधिक सहजता से पूरा कर पा रहे हैं। वे कहते हैं पहले बारिश रुकते ही खेती की चिंता शुरू हो जाती थी। अब अपने ही कुएं के पानी से समय पर सिंचाई कर लेता हूं। गेहूं और सब्जियों की खेती से आमदनी बढ़ी है और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से सुधरा है।

श्री अरुण ने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वीबी जी रामजी किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। जिससे सिंचाई की स्थायी व्यवस्था मिलने से खेती अब अधिक लाभकारी बन गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!