बीजापुर;  बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ की 199वीं और 85वीं वाहिनी तथा 202 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के 6 डंप बरामद किए हैं। इन डंपों से आईईडी, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, गन पाउडर, संचार उपकरण, रेडियो सेट, इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़ों समेत करीब 30 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ बीजापुर के डीआईजी बी.एस. नेगी के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार, 85वीं वाहिनी के कमांडेंट सुनील कुमार राही और 202 कोबरा बटालियन के कमांडेंट आलोक अवस्थी के मार्गदर्शन में द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार ने किया। संयुक्त टीम ने पीडिया और मुतवंडी क्षेत्र के हिरमागुंडा गांव के जंगल में घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया।तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते इन डंपों का पता चलने से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

सीआरपीएफ ने बताया कि हिरमागुंडा, पीडिया और आसपास का इलाका पहले नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता था, लेकिन लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण क्षेत्र में नक्सल प्रभाव काफी कम हुआ है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है। अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। भविष्य में भी सूचना आधारित अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से चलाकर पूरे क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!