

नारायणपुर: नारायणपुर पुलिस ने अवैध गोवंश परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 गोवंश और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना धौड़ाई क्षेत्र में 23 जुलाई को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी कांकेर जिले के ग्राम बोरोंडी से गोवंश खरीदकर बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित नियमों का पालन किए उन्हें बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 45 गोवंश और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।इस मामले में थाना धौड़ाई में अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामू राम सलाम (57), रूपजी सलाम (42), सुकुराम कोर्राम (41) और आसमन नेताम (26) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम सुलेंगा, थाना धौड़ाई, जिला नारायणपुर के निवासी हैं। चारों को 24 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अवैध गोवंश परिवहन, पशु क्रूरता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











