

अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने शिकायत सौंपकर वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लाऊ में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन के जिला सचिव उमेश सिंह ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) बलरामपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को शिकायत पत्र सौंपकर ग्राम पंचायत लाऊ के सरपंच, सचिव एवं उपसरपंच पर शासकीय राशि के गबन का आरोप लगाया है।

24 जुलाई 2026 को दिए गए शिकायत पत्र में उमेश सिंह ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव और उपसरपंच द्वारा वित्तीय अनियमितता करते हुए शासकीय राशि का गबन किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नवंबर 2025 में ग्राम पंचायत के द्वारा उप सरपंच के घर से सेवारी सीमा तक मुरमीकरण कराया जाना था, जो अभी तक मुरमीकरण नहीं कराया गया है, किन्तु 1,00000/- (एक लाख रूपये) का फर्जी आहरण कर लिया गया है, जो जाँच का विषय है।
साथ हीं उपसरपंच के द्वारा 2019-20 में प्राथमिक शाला धमधिया पारा में शिक्षा अनुदान मद से बाउंड्री वाल 10,00000/- (दस लाख रूपये) का स्वीकृत था, जो आज दिनांक तक अधुरा पड़ा हुआ है जिसमें सिर्फ गड्ढा खोद के छोड़ दिया गया है। इसकी राशि 5,00000/- (पाँच लाख रूपये) का फर्जी आहरण कर लिया गया है।
संस्था ने जनहित एवं पंचायत निधि की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।











